छत्तीसगढ़: महिला वकील का शव मिलने के बाद अधिवक्ता संघ ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की

Ads

छत्तीसगढ़: महिला वकील का शव मिलने के बाद अधिवक्ता संघ ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 10:02 PM IST

रायगढ़, 15 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला वकील का निर्वस्त्र शव बरामद होने के बाद शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि 12 मई को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह गांव के जंगल में झाड़ियों के बीच एक महिला का शव बरामद किया गया था।

उन्होंने बताया कि महिला के गले और गर्दन के पिछले हिस्से पर चोट के निशान मिले थे।

अधिकारी ने बताया कि महिला के कपड़े शव के पास से बरामद किए गए। सोनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है और पहचान छिपाने के लिए पत्थरों से चेहरा कुचल दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को मृतका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई, जो रायगढ़ जिला अदालत में कनिष्ठ अधिवक्ता थीं।

पुलिस ने बताया कि महिला आदिवासी समाज से ताल्लुक रखती थीं और रायगढ़ में किराये के कमरे में रह रही थीं।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 101(3) और 238 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

जिला अधिवक्ता संघ ने घटना के विरोध में शोकसभा आयोजित की और जिला अदालत से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

सैकड़ों वकीलों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। संघ के अध्यक्ष लालमणि त्रिपाठी ने कहा कि एसोसिएशन का कोई भी वकील आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा।

भाषा सं संजीव जितेंद्र

जितेंद्र