रायगढ़ (छत्तीसगढ़), 10 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले सप्ताह एक औद्योगिक संयंत्र में लगी आग में घायल हुई नौ महीने की बच्ची की राज्य की राजधानी रायपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना पांच फरवरी को खारसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर गांव में स्थित श्री मंगल कार्बन फैक्टरी में हुई थी। विस्फोट के कारण फैक्टरी में आग लग गई, जिसमें आठ लोग घायल हो गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि घायलों में शामिल भूमि खाडिया की सोमवार को रायपुर के ‘काल्डा बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर’ में मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि दो महिलाओं सहित अन्य सात पीड़ित अभी भी रायपुर के अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
घायलों में शिशु के पिता शिव खाडिया (27), माता उदाशिनी खाडिया (25) और दादा, साहब लाल खाडिया (46) शामिल थे।
एएसपी सोनी ने बताया कि पुलिस ने श्री मंगल कार्बन के मुख्य प्रबंधक रूपेश शर्मा और प्रबंधक प्रेम सागर त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और कारखाना अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि कारखाने के मालिक अविनाश कुमार गर्ग को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप