महाराष्ट्र में जिला प्रमुखों की नियुक्ति में कांग्रेस ने सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी
महाराष्ट्र में जिला प्रमुखों की नियुक्ति में कांग्रेस ने सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी
मुंबई, 21 मई (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अपने ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत महाराष्ट्र भर में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति में सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी है और 69 पदाधिकारियों के नाम घोषित किए हैं।
पार्टी के बयान के मुताबिक, प्रफुल्ल गुडाधे को नागपुर शहर जिला इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिन्होंने 2024 के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वरिष्ठ नेता सतेज पाटिल को कोल्हापुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष जबकि नांदेड़ से सांसद रविंद्र चव्हाण को नांदेड़ ग्रामीण दक्षिण जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बयान के मुताबिक, प्रशांत जगताप को पुणे शहर पूर्व का अध्यक्ष बनाया गया है।
बयान में कहा गया है कि पार्टी द्वारा नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक लगभग 10 दिनों तक प्रत्येक जिले में रहे और जिला अध्यक्षों के लिए अंतिम सिफारिशें तैयार करने से पहले कई चर्चाएं कीं। बाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन सिफारिशों को मंजूरी दे दी, जिसके बाद 69 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की गई।
पार्टी के अनुसार, ये नियुक्तियां सामाजिक संतुलन, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधित्व, संगठनात्मक क्षमता, जमीनी स्तर पर स्वीकार्यता और पार्टी के आधार को विस्तारित करने की क्षमता के आधार पर की गई हैं।
नवनियुक्त जिला अध्यक्षों में 24 पदाधिकारी सामान्य वर्ग से, 22 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से, सात अल्पसंख्यक समुदायों से, सात अनुसूचित जाति (एससी) से, तीन अनुसूचित जनजाति (एसटी) से और तीन महिला नेता शामिल हैं।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


