राउत ने मुंबई के डीसीपी पर गणपति मंडल पदाधिकारियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, जांच की मांग की
राउत ने मुंबई के डीसीपी पर गणपति मंडल पदाधिकारियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, जांच की मांग की
मुंबई, 20 सितंबर (भाषा) शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) नेता संजय राउत ने रविवार को आरोप लगाया कि दक्षिण मुंबई के कोलाबा में एक गणपति मंडल के पदाधिकारियों को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने धमकाया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
राउत ने आरोप लगाया कि पुलिस उपायुक्त ने वहां मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस उपायुक्त ने मंडल पदाधिकारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को लिखे पत्र में इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि मंडल के पदाधिकारी अब भी पुलिस उपायुक्त हेमराज राजपूत से भयभीत हैं और उन्हें आशंका है कि वह उनके खिलाफ किसी भी हद तक जा सकते हैं।
राउत ने कहा कि 3, पास्ता लेन स्थित बाल गोपाल मित्र सार्वजनिक उत्सव मंडल के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं ने 18 सितंबर को उनके (राउत) वहां पहुंचने पर राजपूत के व्यवहार के बारे में शिकायत की।
राउत ने कहा, ‘‘गणेश उत्सव के लिए मंडल के पास नगर निकाय की वैध अनुमति होने के बावजूद, दक्षिण क्षेत्र के यातायात पुलिस उपायुक्त हेमराज राजपूत कथित रूप से मौके पर गए और मंडल के पदाधिकारियों को धमकाया तथा उनसे दुर्व्यवहार किया। उन्होंने (डीसीपी राजपूत) वहां मौजूद महिलाओं के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया तथा मंडल पदाधिकारियों के मोबाइल फोन छीन लिए। यह बेहद चौंकाने वाला है।’’
उन्होंने कहा कि इस स्थान पर कई वर्षों से गणेश उत्सव आयोजित किया जा रहा है।
राउत ने बताया कि मंडल के अध्यक्ष प्रसन्न पांडे एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘फिर राजपूत ने इस तरह डर का माहौल क्यों बनाया? क्या इसके पीछे कोई राजनीतिक मकसद है या कोई राजनीतिक व्यक्ति इसमें शामिल है? पूरी घटना कथित रूप से रिकॉर्ड हो गई।’’
राउत ने दावा किया, ‘‘मेरी जानकारी के अनुसार, इस मंडल के कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय चुनाव में मकरंद नार्वेकर का समर्थन नहीं किया था और आरोप है कि इसी नाराजगी के कारण पुलिस उपायुक्त राजपूत ने अवैध तरीके से कार्रवाई की। ऐसा आचरण निंदनीय है।’’
मकरंद नार्वेकर कोलाबा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद हैं और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के भाई हैं।
राउत ने दावा किया कि इलाके में आयोजित किसी अन्य सार्वजनिक उत्सव को लेकर पुलिस उपायुक्त को कोई समस्या नहीं थी, लेकिन कोलाबा के 3, पास्ता लेन में आयोजित उत्सव ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया।
शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है।
कई प्रयास के बावजूद पुलिस उपायुक्त राजपूत से संपर्क नहीं हो सका।
भाषा जितेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


