कांग्रेस अजित पवार की मृत्यु के बाद भावनाओं को ध्यान में रखकर बारामती उपचुनाव से हट गयी: सपकाल
कांग्रेस अजित पवार की मृत्यु के बाद भावनाओं को ध्यान में रखकर बारामती उपचुनाव से हट गयी: सपकाल
(फाइल फोटो के साथ)
पुणे, 10 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शुक्रवार को कहा कि बारामती उपचुनाव से पार्टी द्वारा अपने उम्मीदवार को वापस लेने का निर्णय पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उत्पन्न भावनाओं का सम्मान करते हुए लिया गया है।
इस सीट से अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा उपचुनाव लड़ रही हैं।
पुणे जिले के बारामती आये सपकाल ने कहा कि लेकिन कांग्रेस 2029 के चुनाव में इस विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री और बारामती के विधायक अजित पवार के निधन के कारण इस विधानसभा सीट पर 23 अप्रैल उपचुनाव कराया जा रहा है।
पहले यह उपचुनाव लड़ने की ठान चुकी कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अंतिम क्षण में चुनाव मैदान से हटने का फैसला किया। फलस्वरूप सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को अपने पहले विधानसभा चुनाव में वस्तुतः वॉकओवर मिल गया है।
राकांपा, भाजपा और विपक्षी सहयोगी राकांपा (एसपी) के आह्वान पर कांग्रेस ने इस हाई-प्रोफाइल सीट से अपने उम्मीदवार आकाश मोरे का नाम वापस ले लिया।
सपकाल ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बातचीत करने के बाद और राकांपा के अनुरोध पर अपना नामांकन वापस ले लिया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय ‘सकारात्मक परिस्थितियों’ में लिया गया।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


