टीवी देखने को लेकर भड़का विवाद; व्यक्ति ने पत्नी, बेटी और नातिन पर चाकू से किया हमला
टीवी देखने को लेकर भड़का विवाद; व्यक्ति ने पत्नी, बेटी और नातिन पर चाकू से किया हमला
ठाणे, 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में जन्मदिन समारोह के बाद घर पर टेलीविजन देखने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बेटी और नातिन को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को शहर के राबोडी इलाके में हुई।
राबोडी थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी मोहम्मद तारिक खान और उसकी पत्नी के बीच अक्सर घरेलू मामलों को लेकर झगड़े होते थे। पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के टेलीविजन देखने के कारण झगड़ा हुआ क्योंकि यह उसे पसंद नहीं था।’
पुलिस के अनुसार, खान और उसके परिवार ने शुक्रवार को अपनी नातिन का जन्मदिन मनाया और रात को सोने चले गए थे तभी आरोपी ने उसी मुद्दे पर अपनी पत्नी के साथ फिर से झगड़ा शुरू कर दिया।
अधिकारी ने बताया, ‘क्रोध में आकर उसने रसोई का चाकू उठाया और अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। जब उसकी बेटी और नातिन ने उसे बचाने के लिए हस्तक्षेप किया तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया।’
उन्होंने बताया कि तीनों घायल हो गए और उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बेटी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


