मुंबई, 17 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को दिशा सालियान मौत मामले को लेकर अपनी पार्टी के सहयोगी आदित्य ठाकरे का समर्थन किया और कहा कि ‘‘लोग ठाकरे परिवार पर भरोसा करते हैं’’।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सालियान मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
सीबीआई ने 2020 के दिशा सालियान मौत मामले में मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश और उनके पिता की ओर से दायर याचिका के अनुपालन में प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में किसी आरोपी का नाम नहीं है।
अपने बचाव में आदित्य ठाकरे ने दावा किया है कि कुछ लोग राजनीतिक मंशा से उनका नाम जानबूझकर इस मामले से जोड़कर उनका चरित्र हनन करने की कोशिश कर रहे हैं।
राउत ने कहा कि सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी ठाकरे परिवार की छवि खराब करने की कोशिश है।
आदित्य ठाकरे के इस दावे पर कि वह दिवंगत दिशा सालियान से कभी नहीं मिले और न ही उसे जानते थे, पर सवाल किए जाने पर राउत ने कहा, ‘‘हम लड़ने के लिए तैयार हैं। वह (आदित्य) इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं।’’
राउत ने कहा कि लोग ठाकरे परिवार पर भरोसा करते हैं।
उन्होंने ठाकरे परिवार के कट्टर प्रतिद्वंद्वी राणे परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दिशा सालियान से संबंधित कोई भी सबूत सीबीआई के सामने पेश करना चाहिए। राणे परिवार ठाकरे का इस मामले से संबंध होने का आरोप लगाता रहा है।
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक सालियान की आठ जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई थी।
राउत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल होने को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की भी आलोचना की।
राउत ने संवाददाताओं से कहा कि शिंदे ने साबित कर दिया है कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे उनके नेता नहीं हैं।
शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य ने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि मोदी सेवानिवृत्त हो जाएं और नेतृत्व किसी उपयुक्त व्यक्ति को सौंप दें। उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री के बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के होने के अवसर पर आई।
राउत ने कहा, ‘‘मोदी 75 वर्ष पूरे कर चुके हैं और अब समय आ गया है कि वह सेवानिवृत्त होकर अपना जीवन सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करें। पचहत्तर वर्ष की आयु देश का नेतृत्व करने वाली उम्र नहीं होती है। उन्होंने लंबे समय तक सेवा की है और उनका संकल्प अब नेतृत्व किसी उपयुक्त व्यक्ति को सौंपने का होना चाहिए।’’
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि नेतृत्व ऐसे व्यक्ति को सौंपा जाना चाहिए, जिसे अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मामलों की अच्छी समझ हो।
राउत ने कहा, ‘‘देश की स्थिति अच्छी नहीं है और अगर स्थिति बदलनी है तो नेतृत्व में बदलाव जरूरी है।’’
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश