मुंबई, 17 सितंबर (भाषा) अबंडैंशिया एंटरटेनमेंट और ऑलमाइटी मोशन पिक्चर मिलकर तमिलनाडु के कोडईकनाल में पारा प्रदूषण विवाद पर फिल्म ‘हेवी मेटल’ बनाने जा रहे हैं। यह फिल्म पत्रकार अमीर शाहुल की खोजी किताब पर आधारित होगी।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म का निर्माण जल्द ही शुरू होगा जो पत्रकार-लेखक अमीर शाहुल की 2023 में प्रकाशित खोजी किताब ‘हेवी मेटल: हाउ अ ग्लोबल कॉरपोरेशन पॉइजन्ड कोडईकनाल’ पर आधारित है।
विक्रम मल्होत्रा के नेतृत्व वाली अबंडैंशिया एंटरटेनमेंट इस परियोजना के लिए प्रभलीन संधू के नेतृत्व वाली ऑलमाइटी मोशन पिक्चर के साथ साझेदारी कर रही है। इसे कॉरपोरेट-पर्यावरण थ्रिलर के रूप में बनाया जा रहा है।
वर्ष 1983 में न्यूयॉर्क में एक पुरानी पारा थर्मामीटर फैक्टरी को बंद कर तमिलनाडु के सुरम्य पहाड़ी क्षेत्र कोडईकनाल में स्थानांतरित किया गया था। वर्ष 2001 में गंभीर पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के कारण इस फैक्टरी को बंद कर दिया गया। यह फैक्टरी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) के स्वामित्व और संचालन में थी।
विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारियों में पारा विषाक्तता के सबूत सामने आने के बाद स्थानीय समुदाय ने पर्यावरण निगरानी संस्था ग्रीनपीस और विभिन्न जनहित संगठनों की मदद से बहुराष्ट्रीय कंपनी के खिलाफ करीब 15 साल तक संघर्ष किया। इस संघर्ष के बाद कंपनी ने अपने करीब 600 पूर्व कर्मचारियों को एक अघोषित समझौते के तहत मुआवजा दिया।
फिल्म को एक खोजी थ्रिलर के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें कॉरपोरेट संघर्ष के साथ-साथ पर्यावरण प्रदूषण के मानवीय प्रभावों को भी दिखाया जाएगा।
फिल्म के लिए कलाकारों का चयन जारी है। निर्देशक और परियोजना से जुड़ी अन्य जानकारियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
ऑलमाइटी मोशन पिक्चर के लिए ”हेवी मेटल” वास्तविक घटनाओं, लोगों और संस्थानों से प्रेरित कहानियों की उसकी आगामी परियोजनाओं में शामिल है। निर्माण कंपनी ने हाल में स्ट्रीमिंग सीरीज ‘मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी’ में सहयोग किया था।
विक्रम मल्होत्रा के नेतृत्व वाली अबंडैंशिया एंटरटेनमेंट ने विभिन्न श्रेणियों में कई फिल्मों और सीरीज का निर्माण किया है, जिनमें हिंदी फिल्में ”एयरलिफ्ट”, ”शेरनी”, ”छोरी” और ”जलसा” तथा स्ट्रीमिंग सीरीज ”ब्रीद” और ”ब्रीद: इनटू द शैडोज” शामिल हैं।
भाषा नरेश
नरेश