नासिक, 17 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को उजागर करने के लिए प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने एक नगर अधिकारी की मेज पर आवारा कुत्ते छोड़ दिए। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निफाड़ नगर पंचायत क्षेत्र में इस समस्या को लेकर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
शिवसेना (यूबीटी) की युवा शाखा युवा सेना (यूबीटी) के सदस्यों ने बुधवार को यह प्रदर्शन किया।
युवा सेना (यूबीटी) के कुछ सदस्य दो बोरियां लेकर निफाड़ नगर पंचायत के मुख्य अधिकारी धीरज भामरे के कार्यालय में पहुंच गए। उन्होंने जब बोरियों को खोला तो उनमें से आवारा कुत्ते बाहर निकल आए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद, अधिकारी आवारा कुत्तों की समस्या को नियंत्रित करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन कुत्तों ने कई लोगों को काटा है और गणेश उत्सव के दौरान खासकर बच्चों के लिए खतरा और बढ़ गया है।
युवा सेना (यूबीटी) के जिला प्रमुख विक्रम रंधवे ने भामरे से कहा, ‘‘अगर आपने दो दिन में इस समस्या का समाधान नहीं किया तो हम यहां महिलाओं समेत अन्य लोगों के साथ प्रदर्शन करेंगे।’’
मुख्य अधिकारी ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए दो बार निविदा जारी की जा चुकी है।
भाषा रंजन
रंजन