विजयवाड़ा के गन्नवरम के पास बस पलटने से आठ लोग घायल

विजयवाड़ा के गन्नवरम के पास बस पलटने से आठ लोग घायल

विजयवाड़ा के गन्नवरम के पास बस पलटने से आठ लोग घायल
Modified Date: August 4, 2026 / 02:32 pm IST
Published Date: August 4, 2026 2:32 pm IST

अमरावती, चार अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर गन्नवरम के पास एक निजी बस के पलट जाने से कम से कम आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब ढाई बजे उंगुटुरु मंडल के पेड्डा आवुटपल्ली गांव के पास हुई जब चेन्नई से विशाखापत्तनम जा रही एक निजी बस के चालक ने कथित तौर पर राजमार्ग पर वाहन से नियंत्रण खो दिया।

कृष्णा जिले के पुलिस अधीक्षक विद्या सागर नायडू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सोमवार देर रात गन्नवरम के पास एनएच-16 पर चेन्नई से विशाखापत्तनम जा रही एक निजी बस सड़क के गीले हिस्से पर चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण पलट गई जिससे आठ यात्री घायल हो गए।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस में 25 से ज्यादा यात्री सवार थे। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नायडू ने बताया कि पीछे आ रहा एक मालवाहक वाहन भी बस से टकरा गया। उन्होंने बताया कि इस टक्कर में मालवाहक वाहन के चालक के पैर में गंभीर चोट आई है।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस का करीब 400 लीटर डीजल सड़क पर फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने सड़क पर लकड़ी का बुरादा डालकर सफाई की और यातायात बहाल कराया।

नायडू ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाएगा, जबकि जांच के सिलसिले में मोटर वाहन विभाग के अधिकारी बस का निरीक्षण करेंगे।

भाषा खारी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में