फडणवीस मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे

फडणवीस मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे

फडणवीस मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे
Modified Date: May 14, 2026 / 04:32 pm IST
Published Date: May 14, 2026 4:32 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, 14 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बृहस्पतिवार को यहां मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे और बाद में केंद्र के मितव्ययिता उपायों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से केवल ‘‘छोटे बलिदान देने को कहा है।’’

फडणवीस ने इस मुद्दे पर ‘अनावश्यक विवाद’ पैदा करने के लिए विपक्ष की आलोचना की और कहा कि रणनीतिक गठबंधन और आर्थिक लाभ के उद्देश्य से की जाने वाली प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाना ‘‘सरासर मूर्खता’’ है।

मुख्यमंत्री अपने आवास ‘वर्षा’ से मोटरसाइकिल पर दक्षिण मुंबई स्थित विधान भवन पहुंचे। उनके साथ भाजपा नेता और मंत्री आशीष शेलार भी थे। वे विधान परिषद के नए सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आए थे।

यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की उस अपील के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने का आग्रह किया था।

इस संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई है और भारत कच्चे तेल एवं गैस आयात के लिए काफी हद तक पश्चिम एशिया पर निर्भर है।

बुधवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने कई मितव्ययिता उपायों की घोषणा की थी, जिसमें मंत्रिमंडल के उनके सहयोगियों के काफिले में वाहनों की संख्या आधी करना और मंत्रियों व अधिकारियों के विदेशी दौरों को रद्द करना शामिल है।

बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने काफिलों में कटौती की है, टाले जा सकने वाले विदेशी दौरों को रद्द कर दिया है और अगले छह महीनों तक बड़े सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन न करने का निर्णय लिया है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह के मितव्ययिता उपाय पिछली सरकारों द्वारा भी अपनाए गए थे, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पी.वी. नरसिंह राव के कार्यकाल के साथ-साथ 2012 में तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का समय भी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘विपक्ष को परिपक्वता दिखाने की जरूरत है। दुनिया भर के देशों ने और भी कड़े फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री ने खुद बेहद कठिन निर्णय लेते हुए लोगों से केवल छोटे बलिदान मांगे हैं। इस पर अनावश्यक विवाद पैदा करना उचित नहीं है।’

फडणवीस ने कहा कि उन्होंने ईंधन बचाने का संदेश देने के लिए मोटरसाइकिल से यात्रा की।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक नेताओं के प्रतीकात्मक कार्यों से जनता के बीच जागरूकता फैलाने में मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों और मंत्रियों की सभी अनावश्यक विदेश यात्राएं रोक दी गई हैं और ईंधन की खपत कम करने तथा विदेशी मुद्रा बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

फडणवीस ने हालांकि स्पष्ट किया कि शुक्रवार को सतारा में होने वाला एक बड़ा सरकारी कार्यक्रम अपने तय समय पर होगा, क्योंकि इसकी योजना पहले ही बन चुकी थी और इस पर खर्च किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 25 लाख परिवारों को लाभ प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस कार्यक्रम के बाद अगले छह महीनों तक कोई बड़ा सरकारी आयोजन नहीं किया जाएगा।’’

भाषा सुमित शफीक

शफीक


लेखक के बारे में