फडणवीस की ‘रिजेक्टेड माल’ वाली टिप्पणी संसदीय लोकतंत्र की उनकी खराब समझ को दर्शाती है : कांग्रेस
फडणवीस की ‘रिजेक्टेड माल’ वाली टिप्पणी संसदीय लोकतंत्र की उनकी खराब समझ को दर्शाती है : कांग्रेस
मुंबई, 22 मई (भाषा) महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता सचिन सावंत ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की “रिजेक्टेड माल” (खारिज किये जा चुके) वाली टिप्पणी संसदीय लोकतंत्र की उनकी खराब समझ को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता की विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच फडणवीस ने बुधवार को गांधी को “रिजेक्टेड माल” करार दिया था।
एक बयान में, सावंत ने आरोप लगाया कि गांधी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करके, फडणवीस ने संसदीय लोकतांत्रिक प्रणाली के संबंध में “बौद्धिक दिवालियापन” प्रदर्शित किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं पर नफरत और सामाजिक विभाजन फैलाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वे महाराष्ट्र में सामाजिक सद्भाव के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे समाज सुधारकों ज्योतिराव फुले, शाहू महाराज और बी.आर. आंबेडकर की विरासत ने आकार दिया है।
सावंत ने आगे कहा कि लोगों को “विभाजनकारी राजनीति” के प्रति सतर्क रहना चाहिए और राज्य की प्रगतिशील और समावेशी परंपराओं की रक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया, “एक सड़ा हुआ आम पूरे ढेर को खराब कर सकता है। यहां सड़े हुए आमों का ढेर लगा है। ये वही लोग हैं जो राज्य में सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।”
सावंत ने कहा कि राज्य में पिछले लोकसभा चुनावों में, राहुल गांधी के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन “महाविकास अघाडी” ने 31 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सकी। उन्होंने पूछा, “तो असल में रिजेक्टेड माल कौन है?”
भाषा प्रशांत रंजन
रंजन

Facebook


