मुंबई में फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, बीमा धारकों से ठगी के आरोप में 12 लोग गिरफ्तार

मुंबई में फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, बीमा धारकों से ठगी के आरोप में 12 लोग गिरफ्तार

मुंबई में फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, बीमा धारकों से ठगी के आरोप में 12 लोग गिरफ्तार
Modified Date: July 14, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: July 14, 2026 7:49 pm IST

मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) मुंबई पुलिस ने तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक निजी स्वास्थ्य बीमा कंपनी के प्रतिनिधि बनकर बीमा धारकों से ठगी करने का आरोप है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से लगभग 17 लाख रुपये मूल्य के उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।

गोवंडी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला पिछले महीने सामने आया, जब एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने उसकी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी पर 1.53 लाख रुपये का ‘नो क्लेम बोनस’ दिलाने का झांसा देकर उससे संपर्क किया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने विभिन्न बहानों से शिकायतकर्ता से उसके क्रेडिट कार्ड का विवरण हासिल कर लिया और बाद में अनधिकृत ऑनलाइन लेनदेन के जरिए उसके खाते से 3.43 लाख रुपये निकाल लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

साइबर टीम की तकनीकी जांच में इस गिरोह का संचालन कुर्ला (पश्चिम) स्थित कोहिनूर सिटी मॉल में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर से होने का पता चला।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कंप्यूटर, लैपटॉप, राउटर, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा ऐसे लिखित दस्तावेज जब्त किए जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ग्राहकों को बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए बहलाने-फुसलाने में किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर चोरी किए गए क्रेडिट कार्ड के विवरण का इस्तेमाल कर ऑनलाइन सोने के सिक्के और अन्य कीमती सामान खरीदते थे।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को एक बड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली।

नयी सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दो अन्य फर्जी कॉल सेंटरों पर छापेमारी की। इनमें से एक भी उसी मॉल में संचालित हो रहा था, जबकि दूसरा घाटकोपर क्षेत्र के असल्फा गांव में स्थित था। इस कार्रवाई में छह और लोगों को गिरफ्तार कर दोनों फर्जी कॉल सेंटरों को बंद करा दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि कुल मिलाकर पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 29 कंप्यूटर, पांच लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन, तीन राउटर, 15 सिम कार्ड, ठगी के लिए फोन पर इस्तेमाल की जाने वाली स्क्रिप्ट तथा अपराध से अर्जित धन से कथित तौर पर खरीदा गया 28.05 ग्राम सोना बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य 17.18 लाख रुपये आंका गया है।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह गिरोह इसी तरीके से कई राज्यों में स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी धारकों को निशाना बना रहा था।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और इस संबंध में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव


लेखक के बारे में