जरांगे ने मुंबई के आजाद मैदान में अकेले प्रदर्शन करने की घोषणा की
जरांगे ने मुंबई के आजाद मैदान में अकेले प्रदर्शन करने की घोषणा की
जालना, 14 सितंबर (भाषा) मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मुंबई में अनशन की अनुमति नहीं मिलने के बाद सोमवार को घोषणा की कि वह 15 सितंबर को राज्य की राजधानी जाएंगे और वहां के आजाद मैदान में अकेले प्रदर्शन करेंगे।
जरांगे जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे हैं। अपने अनशन के 16वें दिन समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर डर की वजह से विरोध प्रदर्शन को रोकने और गणेश उत्सव के दौरान अशांति पैदा कर मराठा समुदाय पर दोष थोपने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
मुंबई पुलिस ने गणेश उत्सव के मद्देनजर सुरक्षा का हवाला देते हुए रविवार को जरांगे को 19 सितंबर से शहर में अनिश्चितकालीन अनशन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने जरांगे की टीम की औपचारिक अपील को ठुकरा दिया और अपने फैसले के पीछे सार्वजनिक सभाओं, प्रदर्शनों और जुलूसों से जुड़े नियमों के संभावित उल्लंघन और पूर्व के प्रदर्शनों के दौरान कार्यक्रम स्थल की शर्तों का पालन नहीं करने का हवाला दिया।
जरांगे ने कहा, ‘‘मराठा समुदाय की ताकत से डरकर सरकार ने मुंबई जाने की अनुमति नहीं दी। सरकार के इस फैसले के जवाब में, मैं 15 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे अकेले ही मुंबई के लिए निकलूंगा।’’
जरांगे ने मराठा समुदाय के लोगों से अपील की कि वे तुरंत मुंबई में एकत्र नहीं हों। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह शुरू होने वाली यात्रा में उनके साथ केवल 10 लोग और दो एम्बुलेंस होंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘फडणवीस के लोग मराठा रैली के दौरान हंगामा करेंगे और इसका दोष मराठा समुदाय पर मढ़ देंगे। इसीलिए मैंने अकेले जाने का फैसला किया है। अब क्या सरकार मेरे अकेले मार्च की अनुमति भी नहीं देगी?’’
पानी, सलाइन और चिकित्सा सहायता लेने से इनकार करने के बाद जरांगे की तबीयत बिगड़ गई है। हालांकि, उनका कहना है कि वह अपनी मांगों पर अडिग हैं।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश

Facebook


