महाराष्ट्र में एफडीए की छापेमारी : 32 लोग गिरफ्तार, 26 प्रतिष्ठान सील
महाराष्ट्र में एफडीए की छापेमारी : 32 लोग गिरफ्तार, 26 प्रतिष्ठान सील
मुंबई, एक जून (भाषा) पूरे महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा 30 और 31 मई के बीच की गई छापेमारी की कार्रवाई के दौरान विभिन्न आरोपों में 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 26 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बताया कि अधिकारियों ने मुंबई, कोंकण, पुणे, नासिक, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर संभागों में 40 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें से 32 में प्रतिबंधित वस्तुएं बेची जा रही थीं।
उन्होंने बताया कि 12.16 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई और दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ 24 प्राथमिकी दर्ज की गईं।
मुंढे ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान 2.60 लाख रुपये मूल्य के तीन वाहन भी जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान मुख्य रूप से गुटखा, सुगंधित सुपारी और कुछ तंबाकू उत्पादों जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं को लक्षित किया गया।
उन्होंने कहा, “शिकायत दर्ज कराते समय लोगों को प्रतिष्ठान का सटीक पता देना चाहिए ताकि एफडीए के लिए उचित कार्रवाई करना आसान हो जाए। सुरक्षित और स्वच्छ भोजन प्राप्त करना नागरिकों का अधिकार है। एफडीए शिकायतों को सुगम बनाने के लिए मोबाइल एप्लिकेशन और टोल-फ्री नंबर के माध्यम से जन जागरूकता बढ़ाने पर भी काम कर रहा है।’’
मुंढे ने कहा कि विभाग मुंबई, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर में 40 कर्मचारियों की वृद्धि कर रहा है और प्रयोगशाला क्षमता बढ़ा रहा है, जबकि पुणे, नासिक और यवतमाल में नई प्रयोगशालाओं की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में सालाना हजारों नमूनों की जांच करती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि एफडीए ने 30 और 31 मई को ठाणे जिले में की गई छापेमारी के दौरान 11.12 लाख रुपये मूल्य के 3,453 किलोग्राम आम और 4.74 लाख रुपये मूल्य का गुटखा जब्त किया।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नवी मुंबई के एपीएमसी (कृषि उत्पाद बाजार समिति) के बाजार और अन्य क्षेत्रों में छापेमारी की, जहां तीन प्रतिष्ठानों को आमों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए उन पर सीधे एथिलीन का छिड़काव करते हुए पाया गया।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


