नांदेड़, 16 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ में बृहस्पतिवार को 10 से 13 वर्ष की उम्र के चार बच्चे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 11.30 बजे शहर के देगलूर नाका इलाके में एमजीआर गार्डन के पास हुई
पुलिस के अनुसार, नगर निकाय इलाके में नाले का निर्माण करा रहा है। घटनास्थल के पास 15 फुट गहरा एक गड्ढा है जहां गंदा पानी जमा हो गया है।
अधिकारी ने बताया कि इस्लामपुरा के रहने वाले चार बच्चे खेलने के लिए इस इलाके में गए और गहराई का अंदाजा लगाए बिना ही पानी में उतर गए।
उन्होंने बताया कि बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पुलिस और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका।
बच्चों की पहचान मोहम्मद अदनान मोहम्मद फ़िरोज (10), मोहम्मद अली मोहम्मद इदरीस (13), सैय्यद इरफान सैय्यद फिरोज (13) और अयान इब्राहिम बागवान (11) के रूप में की गई है।
अधिकारी ने बताया कि अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश