मुंबई, 11 जुलाई (भाषा) हॉलीवुड अभिनेता मैट डेमन ने शनिवार को कहा कि वह एक दिन प्रख्यात फिल्मकार शेखर कपूर के साथ काम करना चाहते हैं। उन्होंने याद किया कि वह कैसे दो दशक से भी पहले फिल्म ‘‘द फोर फेदर्स’’ में निर्देशक के साथ काम करने का मौका चूक गए थे।
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘‘द ओडिसी’’ के भारत में प्रीमियर के अवसर पर मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में डेमन ने कहा कि शेखर कपूर के साथ काम करना उनकी लंबे समय से इच्छा रही है।
उन्होंने कहा, ‘जब मैंने शुरुआत की थी, उस समय हर कोई शेखर कपूर के साथ काम करना चाहता था। मुझे याद है कि किसी वजह से मैं ‘द फोर फेदर्स’ नहीं कर पाया था और मुझे इसका बहुत अफसोस था, क्योंकि मेरा चयन ‘बॉर्न’ फिल्म के लिए हो गया था।’’
अभिनेता ने कहा, ‘‘इसलिए शेखर कपूर हमेशा उस सूची में रहे हैं, जिनके साथ मैं काम करना चाहता हूं। मैं उनके साथ काम करने का एक और मौका चाहता हूं। यह करीब 20 साल पुराना एक छोटा-सा कर्ज है, जिसे मैं अब तक अपने साथ लिए घूम रहा हूं।’’
‘‘द फोर फेदर्स’’ 2002 में रिलीज हुई थी। यह शेखर कपूर की हॉलीवुड में निर्देशित दूसरी फिल्म थी। इससे पहले उन्होंने 1998 में ऑस्कर के लिए नामांकित फिल्म ‘‘एलिजाबेथ’’ का निर्देशन किया था। इस फिल्म ने शेखर कपूर को हॉलीवुड में पहचान बनाने वाले शुरुआती भारतीय फिल्मकारों में शामिल किया।
मैट डेमन फिल्म ‘‘द ओडिसी’’ के वैश्विक प्रचार अभियान के तहत फिल्मकार क्रिस्टोफर नोलन, निर्माता एमा थॉमस और अभिनेता टॉम हॉलैंड के साथ भारत आए हैं।
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक