राज्यसभा टिकट न मिलने से नाखुश नहीं हूं; मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं: छगन भुजबल
राज्यसभा टिकट न मिलने से नाखुश नहीं हूं; मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं: छगन भुजबल
मुंबई, आठ जून (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता छगन भुजबल ने सोमवार को इस बात से इनकार किया कि राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से वह नाराज हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं।’’
उन्होंने कहा कि भविष्य में उन्हें संसद में जाने का अवसर मिल सकता है।
भुजबल को 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए संभावित दावेदार माना जा रहा था, लेकिन राकांपा ने राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाया है। यह उपचुनाव उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई सीट के लिए हो रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में भुजबल ने कहा कि उन्होंने राज्यसभा में जाने की इच्छा जताई थी और यह भी सुझाव दिया था कि अन्य राजनीतिक परिवारों पर लागू मानदंड उनके मामले में भी अपनाए जाएं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं राज्यसभा जाना चाहता हूं। मैं लोकसभा भी जाना चाहता हूं। कई बार अवसर आए, लेकिन मुझे मौका नहीं मिला।’’
उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक परिवारों के सदस्य संसद और सरकार में एक साथ पदों पर हैं, ऐसे कई उदाहरण मौजूद हैं, और लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में काम करने के बाद उन्हें भी ऐसा अवसर मिलना चाहिए।
भुजबल ने कहा कि इस संबंध में एक प्रस्ताव भाजपा नेतृत्व के साथ चर्चा में आया था, लेकिन राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया से पहले समय की कमी थी।
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि भाजपा ने उनके प्रस्ताव को खारिज किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं नाराज नहीं हूं। मुझे क्यों नाराज होना चाहिए?’’
वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह केवल उचित अवसर की मांग कर रहे हैं और समय के साथ उन्हें न्याय मिलेगा।
अंत में उन्होंने कहा, ‘‘अगर आज नहीं, तो कल; अगर कल नहीं, तो परसों। और हां, मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं।’’
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


