यदि उद्धव ठाकरे विधानपरिषद का चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो यह सीट कांग्रेस को दी जानी चाहिए: सपकाल
यदि उद्धव ठाकरे विधानपरिषद का चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो यह सीट कांग्रेस को दी जानी चाहिए: सपकाल
मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे विधान परिषद का चुनाव दोबारा नहीं लड़ना चाहते हैं, तो उनकी पार्टी अगले महीने होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में एक सीट पर चुनाव लड़ने की उम्मीद करती है।
उन्होंने यह मांग हाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा भेजे जाने का हवाला देते हुए की, जबकि कांग्रेस भी वह चुनाव लड़ना चाहती थी।
राज्य विधानमंडल के उच्च सदन की नौ सीट के लिए 12 मई को चुनाव है।
विपक्ष विधानसभा कोटे से केवल एक सीट ही जीत सकता है। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा नीत महायुति के पास भारी बहुमत है।
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस वर्ष मई में विधानपरिषद में अपना कार्यकाल पूरा करने वाले नौ सदस्यों में शामिल हैं।
कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (एसपी) का गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) अपनी संयुक्त ताकत के आधार पर एक सीट जीत सकता है।
सपकाल ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी उतारने की इच्छा जताई थी और विधानपरिषद के लिए उद्धव ठाकरे को एमवीए का चेहरा बनाने का प्रस्ताव दिया था।
हालांकि, गठबंधन ने राज्यसभा के लिए शरद पवार को उम्मीदवार बनाया।
उन्होंने कहा, “यदि उद्धव ठाकरे विधानपरिषद का चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो यह सीट कांग्रेस को दी जानी चाहिए।”
वर्तमान कांग्रेस विधानपरिषद सदस्य प्रज्ञा सातव के भाजपा में शामिल होने के कारण खाली हुई सीट पर उपचुनाव का जिक्र करते हुए सपकाल ने कहा कि उन्हें यह सीट उनके पति और कांग्रेस नेता राजीव सातव के निधन के बाद दी गई थी।
इस सीट पर उपचुनाव भी 12 मई को अन्य नौ सीट के साथ कराया जाएगा।
सपकाल ने मांग की कि यह सीट कांग्रेस को दी जाए और इस पर निर्विरोध उपचुनाव कराया जाए। उन्होंने परिपाटी के तौर बारामती का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से राजनीतिक परंपराओं का पालन करने का आग्रह किया।
कांग्रेस ने पिछले सप्ताह बारामती विधानसभा उपचुनाव में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ अपना उम्मीदवार वापस ले लिया था। इस उपचुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है।
विधान परिषद के नौ सदस्यों (एमएलसी) का कार्यकाल 13 मई को समाप्त होने वाला है। इनमें उद्धव ठाकरे, नीलम दिवाकर गोरहे, अमोल रामकृष्ण मितकारी, संजय किशनराव केनेकर, संदीप दिवाकर जोशी, दादाराव यादव केचे, रणजीतसिंह विजय सिंह मोहिते-पाटिल, राजेश धोंडीराम राठौड़ और शशिकांत जयवंतराव शिंदे शामिल हैं।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


