कल्याण-डोंबिवली में सात पूर्व पार्षद और भाजपा, शिवसेना (उबाठा) के कई पदाधिकारी शिवसेना में शामिल हुए
कल्याण-डोंबिवली में सात पूर्व पार्षद और भाजपा, शिवसेना (उबाठा) के कई पदाधिकारी शिवसेना में शामिल हुए
ठाणे (महाराष्ट्र), चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (उबाठा) को झटका देते हुए महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के सात पूर्व पार्षद, दोनों दलों के करीब 80 पदाधिकारी और उनके सैकड़ों समर्थक एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए।
वे बुधवार को कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए।
भाजपा के दो पूर्व पार्षद दंपति श्रीकर चौधरी और उनकी पत्नी प्रमिला चौधरी तथा शैलेश धात्रक और उनकी पत्नी मनीषा धात्रक अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल हो गए।
ये दोनों दंपति लंबे समय तक महानगरपालिका के दो-दो वार्ड का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और उनके पार्टी छोड़ने को भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
शिवसेना द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) की सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त हेमा मुंबरकर, उनके परिवार के सदस्य और समर्थक भी पार्टी में शामिल हो गए।
इस अवसर पर श्रीकांत शिंदे ने कहा, ‘‘मुंबरकर के 38 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगा।’’
इसके अलावा, युवा सेना के नेता योगेंद्र भोईर, ट्विंकल भोईर तथा डोंबिवली, कल्याण और अंबरनाथ क्षेत्रों में ठाकरे गुट के लगभग 200 स्थानीय पदाधिकारियों ने भी पाला बदलते हुए एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


