महाराष्ट्र में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया

महाराष्ट्र में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया

महाराष्ट्र में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया
Modified Date: December 27, 2025 / 08:55 pm IST
Published Date: December 27, 2025 8:55 pm IST

लातूर, 27 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 22 वर्षीय एक युवक ने एक वीडियो पोस्ट करने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि युवक ने वीडियो में तीनों पुलिसकर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया कि इमरान खलील बेलुरे निलंगा तहसील के औराद शाहजानी का निवासी था और उसने बृहस्पतिवार की शाम आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेलुरे को कुछ साल पहले चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सूत्रों ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले, उसने सोशल मीडिया मंच पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उसने तीन पुलिसकर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

सूत्रों ने बताया कि आक्रोशित परिजनों और निवासियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बृहस्पतिवार देर रात तक औराद पुलिस थाने के बाहर धरना दिया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद, शुरू में इसे आकस्मिक मृत्यु माना गया। हालांकि, पीड़ित के परिजनों और कई युवाओं ने बंद का आह्वान किया, जिसके परिणामस्वरूप बाजार बंद कर दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए।

शाम को युवक का शव पुलिस सुरक्षा में कस्बे में लाया गया। परिजनों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की अपनी मांग दोहराई। पुलिस द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

औराद पुलिस थाने के निरीक्षक सुधीर सूर्यवंशी ने बताया, ‘‘युवक के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सहायक पुलिस निरीक्षक विट्ठल दुर्पड़े, कांस्टेबल तानाजी टाइल और हेड कांस्टेबल विलास पटोडकर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।’’

भाषा देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में