मुसलमानों के प्रति नफरत बढ़ाना है विहिप के एजेंडे का हिस्सा: सपा विधायक
मुसलमानों के प्रति नफरत बढ़ाना है विहिप के एजेंडे का हिस्सा: सपा विधायक
ठाणे, छह सितंबर (भाषा) नवरात्र से जुड़े ‘डांडिया’ और ‘गरबा’ कार्यक्रमों में मुसलमानों के शामिल होने पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा ‘रोक’ लगाये जाने पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रईस शेख ने रविवार को कहा कि मुसलमानों के प्रति नफरत बढ़ाना विहिप का एजेंडा है।
विहिप ने शनिवार को कहा कि उसने अगले माह महाराष्ट्र में होने वाले नवरात्रि के दौरान ‘गरबा’ और ‘डांडिया’ कार्यक्रमों में मुसलमानों के शामिल होने पर रोक लगाने का फ़ैसला किया है।
उसने आयोजकों के लिए प्रतिभागियों की हिंदू पहचान की पुष्टि करने के लिए दिशानिर्देश तय किये हैं, जिनमें आधार कार्ड की जांच करना और माथे पर ‘तिलक’ लगाना शामिल है। नवरात्र उत्सव 11 अक्टूबर से शुरू होगा।
शेख ने एक बयान में कहा, ‘‘त्योहार समाज में सद्भाव लाते हैं। भारत में दूसरे धर्मों के लोगों के एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होने की परंपरा रही है। दूसरे समुदायों के लोग खुशी-खुशी ईद और रमज़ान के जश्न में शामिल होते हैं। हालांकि, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल जानबूझकर मुसलमानों को निशाना बना रहे हैं।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि विहिप ने न्यूयॉर्क में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा हाल में दिये गये बयान को नजरअंदाज़ किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘जो हिंदू (यह) कहता है कि उसे मुसलमान नहीं चाहिए, (तो) वह हिंदू नहीं है।’’
सपा विधायक ने कहा कि एक तरफ इस तरह की बातें करना और दूसरी तरफ उसके ठीक उलट काम करना आरएसएस और भाजपा की नीति रही है।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश

Facebook


