भारतीय पर्यटकों का पसंदीदा गंतव्य बन रहा ओमान, 2025 में 11 प्रतिशत बढ़े आगंतुक

भारतीय पर्यटकों का पसंदीदा गंतव्य बन रहा ओमान, 2025 में 11 प्रतिशत बढ़े आगंतुक

भारतीय पर्यटकों का पसंदीदा गंतव्य बन रहा ओमान, 2025 में 11 प्रतिशत बढ़े आगंतुक
Modified Date: September 6, 2026 / 03:38 pm IST
Published Date: September 6, 2026 3:38 pm IST

नागपुर, छह सितंबर (भाषा) ओमान भारतीय पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय गंतव्य बन रहा है और वहां जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में सालाना 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। ओमान के विरासत एवं पर्यटन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पर्यटन प्रोत्साहन निदेशालय के सहायक निदेशक (व्यापार विकास) यूसुफ खलाफ अल मुजैजी के अनुसार, वर्ष 2025 में ओमान में 6.94 लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे, जो 2024 के आंकड़ों की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जनवरी से जून 2026 के बीच ओमान में 3.81 लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे।

मुजैजी ने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या ओमान और भारत के बीच मजबूत होते पर्यटन संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों पर आधारित यह रिश्ता लगातार मजबूत हो रहा है।

मुजैजी ने कहा कि ओमान इस वृद्धि को बनाए रखने के लिए और अधिक यात्रा संबंधी कार्यक्रमों की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देश ऐतिहासिक रूप से मसालों, कपड़ों और अन्य वस्तुओं के समुद्री व्यापार से जुड़े रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज यह नींव एक अधिक व्यवस्थित और व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण पर्यटन साझेदारी में बदल रही है, जिसमें भारत के यात्रा उद्योग, विमानन क्षेत्र, मीडिया और अन्य संबंधित क्षेत्रों के साथ सक्रिय सहयोग शामिल है।’’

मुजैजी ने बताया कि बेहतर पहुंच और बढ़ती हवाई संपर्क सुविधाएं भारतीय पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में