प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना: फडणवीस

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना: फडणवीस

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना: फडणवीस
Modified Date: December 13, 2024 / 12:38 pm IST
Published Date: December 13, 2024 12:38 pm IST

मुंबई, 13 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है।

उन्होंने यहां विश्व हिंदू आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए कहा, ”मोदी का हिंदू वृद्धि दर मॉडल दुनिया को एक नई दिशा दिखाएगा। आज देश सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है। हिंदू वृद्धि दर 1950 और 1980 के दशक के बीच भारत की धीमी आर्थिक वृद्धि की ओर इशारा करती थी।”

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र भी इस वृद्धि गाथा का हिस्सा बनने और 2028 तक 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की आकांक्षा रखता है।

फडणवीस ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देने के अलावा सरकार राज्य में हरित ऊर्जा और जल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रही है।

उन्होंने प्रौद्योगिकी को समावेशी बताया और कहा कि यह विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सतत विकास में विश्वास करते हैं और उन्होंने अर्थशास्त्र पर ध्यान केंद्रित करने के अलावा सांस्कृतिक और सामाजिक प्रगति की दिशा में भी काम किया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारत एक आर्थिक महाशक्ति बनेगा और महाराष्ट्र इसकी रीढ़ बनकर उभरेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में मुंबई देश की फिनटेक राजधानी बन जाएगी।

उन्होंने आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में हिंदू लोकाचार पर आधारित विकास का नजरिया देने के लिए विश्व हिंदू आर्थिक मंच की सराहना की।

फडणवीस ने कहा कि पश्चिमी दुनिया ‘सबसे योग्य की उत्तरजीविता’ में विश्वास करती है, लेकिन हिंदू लोकाचार के अनुसार जो कोई भी पैदा हुआ है वह जीवित रहेगा और समाज यह सुनिश्चित करेगा कि ऐसा हो।

भाषा पांडेय मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में