रूस में नदी में डूबने से पहले अपने ही परिवार के साथ वीडियो कॉल पर था एक भारतीय छात्र
रूस में नदी में डूबने से पहले अपने ही परिवार के साथ वीडियो कॉल पर था एक भारतीय छात्र
जलगांव, सात जून (भाषा) पिंजरी परिवार गहरे सदमे में है जिसके दो बच्चे जीशान पिंजरी और जिया फिरोज पिंजरी रूस में वोल्खोव नदी में दो अन्य भारतीय छात्रों के साथ डूब गए। जीशान नदी में डूबने से पहले अपने माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।
दोनों भाई बहन जीशान और जिया रूस की यारोस्लाव-द-वाइज नोवगोरोद स्टेट यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ायी कर रहे थे। दोनों अपने मित्रों हर्षल अनंतराव देसाले, मलिक गुलामगौस मोहम्मद याकूब और निशा भूपेश सोनावणे के साथ टहलने निकले थे।
हृदय विदारक घटना वीडियो में कैद हो गई क्योंकि घटना के समय जिशान अपने परिवार के साथ वीडियो कॉल पर था, परिवार ने दोनों को एक शक्तिशाली लहर में बहते हुए थे। हालांकि इससे पहले परिवार के सदस्य उन्हें पानी से बाहर निकलने के लिए कह रहे थे।
इस हादसे में निशा भूपेश सोनावणे नामक एक छात्रा जीवित बच गई और उसका इलाज किया जा रहा है।
जीशान के परिवार के एक सदस्य ने स्थानीय मीडिया को बताया, ‘‘जब वे वोल्खोव नदी में घुसे तो जीशान अपने परिजनों के साथ वीडियो कॉल पर था। उसके पिता और अन्य परिजन जीशान और अन्य छात्रों से बार-बार नदी से बाहर निकलने को कह रहे थे तभी एक जोरदार लहर आई और वे गहरे पानी में चले गए।’’
पिंजरी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
जलगांव के जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने कहा कि शव भारत लाने के लिए बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
जीशान और जिया भाई-बहन थे और महाराष्ट्र के जलगांव जिले में अमलनेर के रहने वाले थे। हर्षल देसाले इसी जिले के भदगांव का रहने वाला था।
रूस में भारतीय दूतावास को दिए एक संदेश में विश्वविद्यालय ने घटना पर दुख जताया।
छात्र पढ़ाई के बाद शाम को खाली समय में वोल्खोव नदी के किनारे टहल रहे थे। यह हादसा आकस्मिक और अप्रत्याशित था।
सेंट पीटर्सबर्ग स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि 18-20 वर्ष की आयु के ये छात्र विश्वविद्यालय में मेडिकल की पढ़ायी कर रहे थे।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘इस घटना में एक छात्रा को डूबने से बचा लिया गया और फिलहाल उसका उपचार किया जा रहा है।’
उसने कहा कि सेंट पीटर्सबर्ग स्थित वाणिज्य दूतावास विश्वविद्यालय और स्थानीय प्राधिकारियों के संपर्क में है तथा हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
उसने कहा, ‘स्थानीय आपातकालीन सेवाओं ने अब तक वोल्खोव नदी से दो शव बरामद किए हैं। हम उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। शेष दो लापता छात्रों की तलाश जारी है। दुर्घटना में शामिल पांचों छात्र महाराष्ट्र के जलगांव जिले के हैं।’
वाणिज्य दूतावास शव को वापस भारत भेजने के लिए स्थानीय प्राधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है तथा महाराष्ट्र के जलगांव में परिवारों और जिला प्रशासन के साथ संपर्क में है।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


