मुंबई: कैब दुर्घटना में इंडिगो की विमान परिचालिका की मौत, वाहन चालक पर मामला दर्ज
मुंबई: कैब दुर्घटना में इंडिगो की विमान परिचालिका की मौत, वाहन चालक पर मामला दर्ज
मुंबई, 21 सितंबर (भाषा) मुंबई के उपनगरीय बोरीवली में एक कैब, पुल की सुरक्षा दीवार से टकरा गई जिससे उसमें सवार इंडिगो एयरलाइंस की 32 वर्षीय विमान परिचालिका की सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड की रहने वाली कैनूर मिस्त्री कैब से शुक्रवार तड़के काम से घर लौट रही थीं तभी यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि चालक विजय खोसे (25) ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया जिसके कारण कैब पश्चिमी एक्सप्रेस राजमार्ग पर पुल की सुरक्षा दीवार से जा टकराई।
मिस्त्री की शनिवार शाम मौत के बाद पुलिस ने खोसे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया और जांच के लिए पेश होने का नोटिस दिया।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में चालक को चोट नहीं आई थी। राहगीरों की मदद से उसने मिस्त्री को मीरा रोड के एक अस्पताल पहुंचाया। एयरलाइन ने ‘केबिन क्रू’ को लाने-ले जाने के लिए एक निजी एजेंसी के जरिए यह कैब किराये पर ली थी।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय चालक शराब के नशे में नहीं था और वह घटनास्थल से फरार भी नहीं हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
मिस्त्री के परिवार में उनका आठ वर्षीय बेटा है।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


