कोलकाता हवाई अड्डे पर इंडिगो के खड़े हुए विमान पर बिजली गिरी
कोलकाता हवाई अड्डे पर इंडिगो के खड़े हुए विमान पर बिजली गिरी
मुंबई, 19 जून (भाषा) कोलकाता हवाई अड्डे पर खड़े हुए इंडिगो के एक विमान पर शुक्रवार को बिजली गिर गई, हालांकि विमान में सवार सभी 140 से अधिक लोग सुरक्षित हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि विमान कोलकाता से अगरतला जाने वाला था और इसके जरिये उड़ान संख्या 6ई 6068 का संचालन किया जाना था।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बिजली गिरने से इंडिगो के दो कर्मचारी प्रभावित हुए और चिकित्सा उपचार दिए जाने के बाद अब उनकी स्थिति स्थिर है।
इंडिगो ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, ए320 नियो विमान में चालक दल समेत 140 से अधिक लोग मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया और यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया।
सूत्रों ने यह भी बताया कि बिजली गिरने से पहले सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे और इस घटना के बाद विमान की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


