टिशू पेपर पर ‘खतरा’ लिखा मिलने के बाद इंडिगो की मुंबई-अहमदाबाद उड़ान में आठ घंटे की देरी
टिशू पेपर पर 'खतरा' लिखा मिलने के बाद इंडिगो की मुंबई-अहमदाबाद उड़ान में आठ घंटे की देरी
मुंबई, एक अप्रैल (भाषा) मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में आठ घंटे से अधिक की देरी हुई क्योंकि विमान में ‘खतरा’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला था। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद विमान को एक अलग जगह ले जाया गया, जहां यात्रियों, उनके सामान और विमान की पूरी तरह से तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि बाद में इस संबंध में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘रात 1:32 बजे इंडिगो के एक पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी कि विमान (6ई 911) में ‘खतरा’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला है। टिश्यू पेपर विमान के आगे के गैली (किचन एरिया) में क्रू फोल्डर के नीचे मिला।’
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24डॉटकॉम के अनुसार, उड़ान को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से देर रात 1:30 बजे उड़ान भरनी थी और अहमदाबाद में देर रात 2:50 बजे उतरना था। हालांकि, फ्लाइट ने सुबह 9:48 बजे उड़ान भरी और सुबह 10:36 बजे गंतव्य पर पहुंची।
शहर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बाद में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
इंडिगो ने इस घटना पर कोई बयान जारी करने से इनकार कर दिया।
भाषा अमित रंजन
रंजन

Facebook


