ठाणे में पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में ‘ईरानी’ गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

ठाणे में पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में 'ईरानी' गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

ठाणे में पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में ‘ईरानी’ गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
Modified Date: May 22, 2026 / 03:18 pm IST
Published Date: May 22, 2026 3:18 pm IST

ठाणे, 22 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक एक्सप्रेस ट्रेन के यात्री का फोन चोरी करते हुए पकड़े जाने और फिर एक पुलिस कांस्टेबल के साथ कथित तौर पर हमला करने के आरोप में ‘ईरानी’ गिरोह के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कल्याण स्थित जीआरपी के वरिष्ठ निरीक्षक पंढरी कांडे ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम को अंबिवली और शाहद रेलवे स्टेशन के बीच हुई।

उन्होंने बताया कि अंबिवली निवासी आरोपी इब्राहिम फिरोज ईरानी (19) रेलवे के किनारे अपराधों को अंजाम देता है।

अधिकारी ने इस संबंध में दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया, “घटना शाम करीब सात बजे हुई। उस समय कांस्टेबल अक्षय मोतीलाल पाटिल गश्त पर थे। अंत्योदय एक्सप्रेस धीमी गति से घटनास्थल से गुजर रही थी तभी पटरी पर खड़े एक व्यक्ति ने ट्रेन की गेट के पास खड़े एक यात्री के हाथ पर लाठी से वार कर दिया जिससे उसका मोबाइल फोन गिर गया और आरोपी ने उसे उठा लिया।”

इसी दौरान कांस्टेबल पाटिल और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का जवान चोर को पकड़ने के लिए आगे बढ़े।

अधिकारी ने बताया, ‘जब पाटिल ने आरोपी को पकड़ा तो उसने कांस्टेबल पर हमला कर दिया और फिर उन्हें लाठी से मारा।’

इसके बाद शोर सुनकर ड्यूटी पर तैनात एक अन्य रेलवे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और इसके बाद आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में