जालना, 28 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के जालना जिले में 29 अगस्त से एक कार्यकर्ता ने ब्राह्मण समुदाय की विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।
कार्यकर्ता दीपक रणवारे ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह जालना शहर के महात्मा गांधी चमन में धरने पर बैठेंगे।
उनकी मांगों में दो साल पहले स्थापित परशुराम आर्थिक विकास महामंडल के लिए सरकार से 1,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की मांग भी शामिल है।
रणवारे ने कहा कि उन्होंने महामंडल बनाने की मांग को लेकर दो बार आंदोलन किया था और इसके गठन के बाद भी इसमें केवल कुछ कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
उनकी अन्य मांगों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के तहत वार्षिक आय की सीमा आठ लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले ब्राह्मण विद्यार्थियों के लिए कोचिंग केंद्र स्थापित करना और समुदाय के छात्र-छात्राओं को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना शामिल है।
उन्होंने ब्राह्मण समुदाय के सदस्यों को कथित तौर पर गाली-गलौज और जातिसूचक अपशब्दों से बचाने के लिए कानून बनाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यह कानून अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों की तर्ज पर होना चाहिए।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा