ठाणे में नाले की सफाई के दौरान दम घुटने से मजदूर की मौत, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

ठाणे में नाले की सफाई के दौरान दम घुटने से मजदूर की मौत, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 07:18 PM IST

ठाणे, 22 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में नाले की सफाई के दौरान दम घुटने से एक मजदूर की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने ठेकेदार और नगर निकाय के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान मिथपाड़ा निवासी सुभाष नवशा दिघे (44) के रूप में हुई है। वह बृहस्पतिवार शाम शांतिनगर इलाके में एक नाले की सफाई करते समय उसमें गिर गया, जिसके बाद दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

मृतक की बेटी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर शांतिनगर थाने की पुलिस ने निर्माण मालिक-सह-ठेकेदार बालू खरात चंडिका और भिवंडी निजामपुर नगर निगम (बीएनएमसी) के स्वच्छता विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मजदूर को बिना किसी बुनियादी सुरक्षा उपकरण के नालों की सफाई के लिए मजबूर किया गया। ठेकेदार द्वारा जीवन रक्षक जैकेट, हेलमेट, रस्सी और जूते जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए।

इस घटना के विरोध में भिवंडी निजामपुर नगर निगम (बीएनएमसी) कार्यालय के बाहर आदिवासी समुदाय के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम कार्यालय की गतिविधियां बाधित कर दीं और मृतक के शव को स्वीकार करने से भी इनकार कर दिया, साथ ही कड़ी कार्रवाई और परिवार को मुआवजे की मांग की।

बाद में नगर निगम प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन