ठाणे, 29 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना- उद्धव बालासाहेब ठाकरे(उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर पर हमला कर उनपर दो गोलियां चलाईं, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शिवसेना (उबाठा) के एक नेता ने बताया कि पूर्णेकर पार्टी में ठाणे के विभाग प्रमुख थे।
यह घटना रात करीब नौ बजे कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र में हुई।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस ने बताया कि हमले के बाद पूर्णेकर को घोड़बंदर रोड स्थित आर मॉल के पास इन्फिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, पूर्णेकर को गंभीर चोटें आई थीं और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांचकर्ता हमलावरों के भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास की प्रमुख सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।
संदिग्धों को पकड़ने के लिए ठाणे के प्रमुख मार्गों पर ‘नाकाबंदी’ की गई है।
अधिकारी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत दुश्मनी सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और घटना की तेजी से जांच की मांग की।
भाषा आशीष जितेंद्र
जितेंद्र