‘पैंटोग्राफ’ में पक्षी फंसने से मुंबई की हार्बर लाइन पर स्थानीय ट्रेन सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित
‘पैंटोग्राफ’ में पक्षी फंसने से मुंबई की हार्बर लाइन पर स्थानीय ट्रेन सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित
मुंबई, 26 अगस्त (भाषा) मुंबई की हार्बर लाइन पर एक ट्रेन के ‘पैंटोग्राफ’ में पक्षी फंस जाने से बुधवार को दोपहर में लोकल ट्रेन सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित हो गईं।
पक्षी के फंस जाने से खारघर रेलवे स्टेशन पर ‘ओवरहेड इक्विपमेंट’ (ओएचई) ट्रिप हो गया था यानी बिजली की आपूर्ति अचानक बंद हो गई थी।
ट्रेन की छत पर लगे उस लोहे के ढांचे (आर्म) को ‘पैंटोग्राफ’ कहते हैं, जो ऊपर दौड़ने वाले बिजली के तारों (ओएचई) को छूकर ट्रेन के इंजन तक करंट पहुंचाता है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना दोपहर 2:08 बजे उस समय हुई जब एक उपनगरीय ट्रेन खारघर रेलवे स्टेशन पर आ रही थी।
उन्होंने बताया कि ओएचई ट्रिप होने के कारण ट्रेन को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
यात्रियों के अनुसार, इस घटना के बाद ट्रेन की तीसरी बोगी के पैंटोग्राफ से धुआं निकलने लगा, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और गड़बड़ी को ठीक किया, जिसके बाद दोपहर करीब 2:15 बजे ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू हो सकी।
नीला ने कहा, ‘‘ओएचई ट्रिपिंग’ की यह घटना पक्षी के पैंटोग्राफ के संपर्क में आने के कारण हुई थी।’ उन्होंने बताया कि इस वजह से कुछ ट्रेनें देरी से चलीं।
हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें मुख्य रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और पनवेल के बीच चलती हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


