महाराष्ट्र कांग्रेस ने पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा
महाराष्ट्र कांग्रेस ने पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा
मुंबई, 28 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकार पर भर्ती और प्रवेश परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि बार-बार हो रहे कथित प्रश्नपत्र लीक से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के सपने टूट गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने संवाददाताओं से कहा कि नीट-यूजी और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) विवाद के बाद अब महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले व्हाट्सऐप पर प्रसारित होने की शिकायतें सामने आई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार एक भी परीक्षा ठीक से नहीं करा पा रही है। प्रश्नपत्र लीक ने लाखों छात्रों और अभिभावकों की उम्मीदों को खत्म कर दिया है। यदि भाजपा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद नहीं करती तो उसे इसकी भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।’’
सपकाल ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा परिणामों में अनियमितता, अंकों में कथित हेरफेर और साक्ष्यों के साथ दर्ज शिकायतों के बावजूद सरकार और उसकी एजेंसियां चुप हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘टीईटी में अनियमितताएं सामने आने के बाद भी अधिकारियों ने ऐसा व्यवहार किया जैसे कुछ हुआ ही नहीं। एमपीएससी ने भी कथित प्रश्नपत्र लीक पर गोलमोल जवाब दिया है। यह छात्रों और अभिभावकों के साथ अन्याय है।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार प्रश्नपत्र लीक के जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नपत्र लीक गिरोह किसके संरक्षण में काम कर रहा है? सरकार के किस मंत्री का इन्हें आशीर्वाद प्राप्त है? फडणवीस सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा। यदि आप छात्रों का भविष्य बर्बाद करेंगे तो युवा आपको सत्ता से हटाए बिना नहीं बैठेंगे।’’
सपकाल ने कथित 160 करोड़ रुपये के ‘शालार्थ’ घोटाले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि जालना के भाजपा नेता संजय गरुड़ की गिरफ्तारी से पता चलता है कि ‘‘असली घोटालेबाज कौन हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी शालार्थ आदेशों के जरिए 841 शिक्षकों और कर्मचारियों का अवैध पंजीकरण किया गया, जिससे राज्य के कोष को 160 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, वह भाजपा का नेता है। फडणवीस सरकार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।’’
कांग्रेस नेता ने महाराष्ट्र में औद्योगिक विकास और निवेश बढ़ने के सरकार के दावों को भी खारिज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 से अब तक राज्य में 28,764 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) बंद हो चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि खुले बाजार की चुनौतियों, बढ़ती उत्पादन लागत, वित्तीय संकट, भ्रष्ट प्रशासन और गुंडागर्दी के कारण देश में सबसे अधिक एमएसएमई महाराष्ट्र में बंद हुए हैं।
सपकाल ने कहा, ‘‘यदि युवा शिक्षा संकट और प्रश्नपत्र लीक जैसी समस्याओं से किसी तरह निकल भी जाएं, तब भी उन्हें रोजगार मिलने की कोई गारंटी नहीं है। यह युवाओं के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है और इसके लिए भाजपा सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।’’
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


