महाराष्ट्र: फडणवीस जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेंगे

Ads

महाराष्ट्र: फडणवीस जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेंगे

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 02:23 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 02:23 PM IST

मुंबई, एक फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन के मद्देनजर आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए प्रचार न करने का फैसला किया है।

फडणवीस ने शनिवार को अपने इस फैसले की जानकारी देते हुए स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सात फरवरी को होने वाले चुनावों के लिए प्रचार करने का निर्देश दिया जबकि वह स्वयं किसी भी चुनाव संबंधी कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।

राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए सात फरवरी को मतदान होगा और प्रचार पांच फरवरी को समाप्त हो जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री को पहले सात दिनों में 22 चुनावी सभाओं को संबोधित करना था लेकिन पवार के निधन के कारण उन्होंने इन्हें रद्द करने का निर्णय लिया है।

पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में पवार के निधन के बाद घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में संशोधन किया है।

हादसे में चार अन्य लोगों की मौत हो गयी थी।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पांच फरवरी को होने वाला मतदान अब सात फरवरी को होगा जबकि मतगणना नौ फरवरी को होगी।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव