महाराष्ट्र: नांदेड़ में मोहपाश और ब्लैकमेल की कोशिश के आरोप में चार महिलाओं समेत पांच लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र: नांदेड़ में मोहपाश और ब्लैकमेल की कोशिश के आरोप में चार महिलाओं समेत पांच लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र: नांदेड़ में मोहपाश और ब्लैकमेल की कोशिश के आरोप में चार महिलाओं समेत पांच लोग गिरफ्तार
Modified Date: August 3, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: August 3, 2026 7:15 pm IST

नांदेड़. तीन अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक व्यक्ति को कथित तौर पर मोहपाश में फंसाकर उससे एक लाख रुपये की उगाही का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को एक महिला ने चालक की आवश्यकता होने का बहाना बनाकर व्यक्ति को बेलानगर बुलाया और वहां पहुंचने पर आरोपी महिला उसे एक मकान में ले गयी, जहां आरोपियों ने उसकी आपत्तिजनक स्थिति में तस्वीरें लीं एवं वीडियो बनाए।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर पीड़ित से एक लाख रुपये की मांग की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उसकी करीब 1.2 लाख रुपये मूल्य की सोने की अंगूठी भी छीन ली और धमकी देकर वहां से फरार हो गए।

इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

भाग्यनगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी और कुछ ही घंटों के भीतर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो स्कूटर, एक ऑटो-रिक्शा, चार मोबाइल फोन और पीड़ित से छीनी गई सोने की अंगूठी भी बरामद की गई है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी इसी तरह के अन्य मामलों में लोगों को मोहपाश में फंसाकर उगाही करने की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में