महाराष्ट्र: पुलिस और एफडीए ने मिलावटी दूध के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया; 13 व्यक्ति गिरफ़्तार
महाराष्ट्र: पुलिस और एफडीए ने मिलावटी दूध के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया; 13 व्यक्ति गिरफ़्तार
पुणे, छह जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अंतर-जिला दूध मिलावट रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है तथा दो करोड़ रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुणे ग्रामीण पुलिस और एफडीए ने इस रैकेट के मुख्य केंद्र माने जा रहे मंचर तथा अकलुज, अहिल्यानगर, सिल्लोड और सांगली में छापेमारी की।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लगभग 1,000 लीटर असली दूध में करीब 500 लीटर रासायनिक रूप से तैयार कृत्रिम दूध मिलाकर उसे बाजार में खपाते थे।
अधिकारियों के अनुसार, दूध पाउडर और शैंपू सहित कई रसायनों का उपयोग करके कृत्रिम दूध तैयार किया जाता था।
यह संयुक्त कार्रवाई पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल और एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में की गई।
स्थानीय अपराध शाखा की 30-सदस्यीय टीम और 20 से अधिक एफडीए अधिकारियों ने छापेमारी की।
एफडीए अधिकारियों ने बताया कि जांच का दायरा पुणे, सोलापुर, जालना, अहिल्यानगर, ठाणे, जलगांव और धाराशिव जिलों तक फैल गया है।
एफडीए आयुक्त मुंढे ने कहा कि पिछले एक महीने से मिली खुफिया जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर दो दिनों में इस रैकेट का भंडाफोड़ किया गया और जांच अभी जारी है।
उन्होंने बताया कि 11 जून को मिली सूचना के बाद एफडीए और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया और विस्तृत निगरानी के बाद कार्रवाई की गई।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


