मुंबई, एक जुलाई (भाषा) शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सचिन अहीर के घर के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति पद के चुनाव के लिए सत्तारूढ़ शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में सचिन के नामांकन दाखिल करने के एक दिन बाद यह कदम उठाया गया है।
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि वर्ली स्थित गुलरुख इमारत में अहीर के आवास के बाहर एक पुलिस वैन और दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सचिन के नामंकन दाखिल करने के बाद से ही समर्थक उनसे मिलने पहुंचने लगे हैं, जिस वजह से उनके आवास के बाहर पुलिस की मौजूदगी जरूरी हो गई है।
शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे के करीबी सहयोगी सचिन अहीर ने देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में महायुति उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
एक सप्ताह पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के छह बागी लोकसभा सदस्य एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश