महाराष्ट्र: कांग्रेस पार्षद के पति की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र: कांग्रेस पार्षद के पति की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 11:38 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 11:38 AM IST

अकोला, एक जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के अकोला शहर में कांग्रेस की एक पार्षद के पति की पुरानी रंजिश के कारण चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

उसने बताया कि पार्षद राफिया बी याकूब खान के पति याकूब खान यूनुस खान (57) पर मंगलवार को उस समय हमला किया गया, जब वह दोपहिया वाहन से रेलवे स्टेशन और अग्रसेन चौक के बीच से गुजर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहे आरोपी वसीम अहमद ने अपने वाहन से याकूब खान के दोपहिया वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद अहमद ने याकूब खान पर कथित तौर पर चाकू से कई वार किए।

पुलिस ने बताया कि हमलावर ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पास में मौजूद पुलिस कांस्टेबल प्रवीण धागेकर ने उसे पकड़ लिया और उसे थाने लाया गया।

पुलिस के अनुसार, अहमद ने किसी पुराने विवाद के कारण याकूब पर हमला किया।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव