चेन्नई में समुद्र में उतरी महाराष्ट्र की एक छात्रा की डूबने से मौत, एक छात्र लापता

Ads

चेन्नई में समुद्र में उतरी महाराष्ट्र की एक छात्रा की डूबने से मौत, एक छात्र लापता

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 03:13 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 03:13 PM IST

नागपुर, 22 फरवरी (भाषा) चेन्नई में समुद्र में उतरने के बाद महाराष्ट्र की एक छात्रा की डूबने से मौत हो गई और एक अन्य छात्र लापता हो गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि विद्यार्थी किस संस्थान के हैं और यह घटना वास्तव में कहां हुई।

महाराष्ट्र सरकार ने तमिलनाडु के अधिकारियों से तलाशी और बचाव अभियान में तेजी लाने की अपील की है।

यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब 26 विद्यार्थियों का एक समूह समुद्र तट पर गया था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, शनिवार को चेन्नई के समुद्र में उतरे तीन विद्यार्थियों में से नागपुर की मयूरी चौधरी की डूबने से मौत हो गई, जबकि जय पाटिल नामक एक छात्र लापता है। लापता छात्र की तलाश के लिए अभियान जारी है।

बयान में बताया गया कि एक अन्य छात्र राज केदारी को सुरक्षित बचा लिया गया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में तमिलनाडु सरकार से संपर्क किया है और वह स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

बयान के मुताबिक, चौधरी और पाटिल के परिवारों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष