राहुल की बात नहीं सुनना ममता की सबसे बड़ी गलती: राउत
राहुल की बात नहीं सुनना ममता की सबसे बड़ी गलती: राउत
मुंबई, पांच मई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बात नहीं सुनकर और उनसे गठबंधन के संबंध में वार्ता ना करके ‘बड़ी गलती’ की, वर्ना विधानसभा चुनाव के नतीजे कुछ और होते।
भाजपा ने 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर निर्णायक बहुमत हासिल किया और बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 15 साल के शासन का अंत हो गया।
ममता बनर्जी को प्रतिष्ठित भवानीपुर सीट पर भाजपा के शुभेंदु अधिकारी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत लोकतंत्र की जीत नहीं है, क्योंकि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से लाखों मतदाताओं के नाम हटा दिए गए।
शिवसेना (उबाठा) प्रवक्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन जैसे प्रमुख विपक्षी नेताओं की हार के बावजूद, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का भविष्य उज्ज्वल है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने जो कुछ भी कहा था (पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनावों में धांधली के बारे में), वह सच साबित हुआ। वह एक दूरदर्शी नेता हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी ने भी एक समय अधिकांश राज्यों में जीत हासिल की थी, फिर भी उन्हें बाद में करारी हार का सामना करना पड़ा। राउत ने कहा कि भाजपा भी इस समय शिखर पर है और भविष्य में उसे भी हार का सामना करना पड़ेगा।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


