ठाणे में जौहरियों से धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, 2.3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त

ठाणे में जौहरियों से धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, 2.3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त

ठाणे में जौहरियों से धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, 2.3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त
Modified Date: April 3, 2026 / 10:08 pm IST
Published Date: April 3, 2026 10:08 pm IST

ठाणे, तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में जौहरियों से धोखाधड़ी के आरोप में 46 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 2.3 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की छड़ें बरामद की गईं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, बहु-राज्यीय जांच के बाद अपराध शाखा इकाई-1 ने जीवराम वाणी चौधरी को गिरफ्तार किया।

राजस्थान निवासी चौधरी ने 2025 में दिवाली के दौरान ठाणे और भिवंडी के कई जौहरियों को उच्च गुणवत्ता के सोने की आपूर्ति का झांसा देकर उनसे कथित तौर पर ठगी को अंजाम दिया। जौहरियों ने उसे अग्रिम भुगतान कर दिया, जिसके बाद वह वादा के अनुरूप सोना दिए बिना ही गायब हो गया।

उसके खिलाफ ठाणे नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि चौधरी लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस उप निरीक्षक दीपक घुगे के नेतृत्व वाली एक टीम ने पिछले महीने उसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान, टीम राजस्थान के पाली जिले में गई और वहां से 1.9 किलोग्राम से अधिक वजनी सोना सहित 2.30 करोड़ रुपये मूल्य की वस्तुएं और 17.5 लाख रुपये नकद बरामद किए।

मामले में आगे की जांच की जा रही है।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में