गोवा में महिला से लूटपाट के बाद हत्या कर फरार आरोपी ठाणे से गिरफ्तार

गोवा में महिला से लूटपाट के बाद हत्या कर फरार आरोपी ठाणे से गिरफ्तार

गोवा में महिला से लूटपाट के बाद हत्या कर फरार आरोपी ठाणे से गिरफ्तार
Modified Date: May 21, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: May 21, 2026 5:44 pm IST

ठाणे, 21 मई (भाषा) गोवा में 58 वर्षीय महिला से लूटपाट के बाद उसकी हत्या के आरोपी को पुलिस ने ठाणे जिले के काशीगांव इलाके से गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने संवाददाताओं को बताया कि सिंधुदुर्ग जिले का रहने वाला आरोपी सागर रमेश राउल गोवा की एक महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी मां शैला घाडी इस शादी का विरोध कर रही थीं।

बल्लाल ने कहा, ‘राउल ने 19 मई को गोवा के बिचोलिम थाना क्षेत्र के अंतर्गत साखली स्थित घाडी के घर में घुसकर उनके स्वर्ण आभूषण और फोन लूट लिए और फिर उनकी हत्या कर दी। बिचोलिम पुलिस ने हत्या, लूटपाट और घर में जबरन घुसने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।’

उन्होंने बताया कि तकनीकी विश्लेषण, साइबर निगरानी और खुफिया जानकारी की मदद से पुलिस ने राउल का पता लगाया और 20 मई को उसे काशीगांव से गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘हमने राउल के पास से पीड़ित की सोने की चेन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिसकी कुल कीमत 1.11 लाख रुपये है। आरोपी को गोवा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।’

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में