मुंबई के बाहरी इलाके में उपनगरीय ट्रेन से युवक नदी में गिरा, बचाया गया
मुंबई के बाहरी इलाके में उपनगरीय ट्रेन से युवक नदी में गिरा, बचाया गया
पालघर, 12 फरवरी (भाषा) मुंबई के बाहरी इलाके में एक उपनगरीय लोकल ट्रेन से फिसलकर 25 वर्षीय एक युवक नदी में गिर गया, लेकिन रेलवे के एक सतर्क कर्मचारी के समय रहते अधिकारियों को सूचित करने पर उसे तुरंत बचा लिया गया।
मंगलवार रात को हुए बचाव अभियान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
यह हादसा उस समय हुआ जब उदय मंगेश वांगड एक लोकल ट्रेन से बोइसर से बोरीवली जा रहा था। वह ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था और वैतरणा नदी पर बने पुल को पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पानी में गिर गया।
रेल की पटरी के रखरखाव के लिए तैनात कर्मी रमेश सिंह ने यह हादसा देखा। सिंह ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि उन्होंने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय ग्रामीणों व अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया।
सिंह ने बताया कि दो स्थानीय लोग अपनी नाव लेकर वांगड तक पहुंचे। वांगड़ पुल के एक खंभे से बाहर निकली एक धातु की छड़ पर बैठा हुआ था। सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उसे नाव पर चढ़ाया और सुरक्षित रूप से किनारे पर ले आए। सिंह और अन्य लोगों ने बाद में वांगड के परिवार को घटना की जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘वह व्यक्ति सदमे में था। उसे मामूली खरोचें आयी थीं जिसके लिए उसका एक स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। मैंने बस अपना कर्तव्य निभाया। संकट में फंसे व्यक्ति को बचाना संतोषजनक था।’
एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें वांगड की मां ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘मेरे बेटे को दूसरा जीवन देने वाले देवदूत हैं।’
भाषा शुभम अमित
अमित

Facebook


