रेल मंत्रालय ने बुलेट ट्रेन सुरंग निर्माण की औपचारिक शुरुआत को टाला, तत्काल काम शुरू करने के निर्देश

रेल मंत्रालय ने बुलेट ट्रेन सुरंग निर्माण की औपचारिक शुरुआत को टाला, तत्काल काम शुरू करने के निर्देश

रेल मंत्रालय ने बुलेट ट्रेन सुरंग निर्माण की औपचारिक शुरुआत को टाला, तत्काल काम शुरू करने के निर्देश
Modified Date: July 5, 2026 / 12:49 am IST
Published Date: July 5, 2026 12:49 am IST

मुंबई, चार जुलाई (भाषा) रेल मंत्रालय ने शनिवार को खराब मौसम के कारण मुंबई में बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए सुरंग की खुदाई कार्य की औपचारिक शुरुआत को स्थगित कर दिया, लेकिन साथ ही अधिकारियों को कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए।

रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मुंबई में लगातार बारिश हो रही है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘खराब मौसम को देखते हुए हमने माननीय रेल मंत्री द्वारा बुलेट ट्रेन परियोजना में पहली बार टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के जरिए भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत को स्थगित करने का निर्णय लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, हमने नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) को निर्देश दिया है कि परियोजना में देरी न हो, इसलिए औपचारिक शुरुआत का इंतजार किए बिना कार्य तुरंत शुरू किया जाए।’’

एनएचएसआरसीएल के अधिकारियों ने बताया कि ‘अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड’ द्वारा किए जा रहे इस भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य के तहत अब समय पर परियोजना पूरी करने और मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने के उद्देश्य से टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) का संचालन तत्काल शुरू किया जाएगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को मुंबई के विक्रोली से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्टेशन तक भूमिगत सुरंग की खुदाई के कार्य का उद्घाटन करने वाले थे। मुंबई और अहमदाबाद के बीच देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए पहली बार ‘टनल बोरिंग मशीन’ (टीबीएम) का उपयोग किया जा रहा है।

भाषा

गोला सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में