एमएसआरटीसी को अगले पांच वर्षों में विज्ञापन से 250 करोड़ रु कमाने की उम्मीद: मंत्री सरनाईक
एमएसआरटीसी को अगले पांच वर्षों में विज्ञापन से 250 करोड़ रु कमाने की उम्मीद: मंत्री सरनाईक
ठाणे, तीन मार्च (भाषा) परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) विज्ञापन के माध्यम से अपने राजस्व में वृद्धि करेगा और अगले पांच वर्षों में 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करेगा।
एमएसआरटीसी के अध्यक्ष ने एमएसआरटीसी मुख्यालय में आयोजित निदेशक मंडल की 310वीं बैठक के दौरान कहा कि इस कदम का उद्देश्य राज्य की प्रतिष्ठित ‘लाल परी’ (लाल बसों) को प्राथमिक परिवहन साधन से राजस्व उत्पन्न करने वाले एक महत्वपूर्ण इंजन में बदलना है।
मंगलवार को एमएसआरटीसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, सरनाईक ने कहा कि निगम के विशाल नेटवर्क का लाभ उठाने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मंत्री ने कहा, ‘एसटी निगम के महाराष्ट्र के हर कोने में 251 डिपो और 610 से अधिक बस स्टैंड हैं। लगभग 12,000 बसों का बेड़ा प्रतिदिन 50 से 55 लाख यात्रियों को लाता ले जाता है, इसलिए विज्ञापनदाताओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।’
उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे बेड़ा बढ़ेगा, दैनिक यात्रियों की संख्या एक करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे विज्ञापन स्थान का मूल्य काफी बढ़ जाएगा।
सरनाईक ने कहा, ‘बस स्टैंड, उनके आसपास के क्षेत्र और बसों के आंतरिक और बाहरी हिस्सों का पूरा उपयोग करके विज्ञापन राजस्व बढ़ाने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया पहले ही लागू की जा चुकी है और अगले पांच वर्षों के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां स्वीकार की जा चुकी हैं।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


