अमरावती, 24 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने 1,107 किलोमीटर लंबे खड़गपुर-अमरावती ग्रीनफील्ड राजमार्ग को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया।
इस परियोजना के तहत दक्षिणी राज्य में 457 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले मार्ग का निर्माण किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 32,000 करोड़ रुपये होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना आंध्र प्रदेश को पूर्वी भारत से जोड़ेगी।
नायडू ने रविवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आंध्र प्रदेश की जनता की ओर से मैं 1,107 किलोमीटर लंबे खड़गपुर-अमरावती गलियारे को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और माननीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करता हूं।”
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह गलियारा आंध्र प्रदेश के किसानों और उद्योगों की माल ढुलाई लागत कम करेगा, जिससे ग्रीनफील्ड राजधानी अमरावती को एक प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, कृषि, विनिर्माण और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
भाषा तान्या वैभव
वैभव