नासिक: ट्रक चालक का अपहरण एवं हमले के आरोप निकले झूठे

Ads

नासिक: ट्रक चालक का अपहरण एवं हमले के आरोप निकले झूठे

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 04:30 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 04:30 PM IST

नासिक, 16 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र की नासिक ग्रामीण पुलिस ने एक ट्रक चालक द्वारा सात व्यक्तियों पर लगाए गए अपहरण और हमलों के आरोपों को झूठा करार दिया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच के बाद सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, चालक ने दावा किया था कि नकदी ले जा रहे एक ट्रक से 400 करोड़ रुपये लूटने का आरोप लगाते हुए सात व्यक्तियों ने उसका अपहरण किया और उसके साथ मारपीट की। हालांकि, जांच में ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि मामले में घोटी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों को इगतपुरी अदालत ने रिहा कर दिया है और फर्जी शिकायत के लिए ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक संदीप पाटिल ने यहां घोटी पुलिस को बताया था कि पिछले साल 22 अक्टूबर को सात लोगों ने उसे रास्ते में रोककर अगवा कर लिया और उसके साथ मारपीट की,जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि चालक के मुताबिक, उन लोगों ने उसे 2000 रुपये के पुराने नोटों से भरे ट्रक को लूटने का दोषी ठहराया था, जिसकी कुल कीमत 400 करोड़ रुपये थी।

अधिकारी ने बताया कि पाटिल ने दावा किया कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक में बेलगाम जिले के चोरला घाट इलाके में इस वारदात को अंजाम देने के बाद सातों व्यक्ति फरार हो गए। पाटिल के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उसने वहां की पुलिस को भी सूचित कर दिया था।

अधिकारी ने बताया, ‘उसने दावा किया कि ट्रक कर्नाटक से महाराष्ट्र हवाला का पैसा ले जा रहा था। उसने सोशल मीडिया पर अपने साथ हुई घटना का ब्यौरा देते हुए वीडियो भी डाले थे।’

भाषा

प्रचेता माधव

माधव