नौसैनिक आत्महत्या मामला : पुलिस को विषाक्त पदार्थ की पहचान के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
नौसैनिक आत्महत्या मामला : पुलिस को विषाक्त पदार्थ की पहचान के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) भारतीय नौसेना के एक कर्मी द्वारा मुंबई में कथित आत्महत्या और उसकी पत्नी व दो बच्चों की मौत की जांच कर रहे अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने खुदकुशी करने से पहले परिवार के अन्य सदस्यों को कौन सा पदार्थ या जहर दिया था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक मृत नौसैनिक पूरनमल शंभूलाल मेहरा के परिचितों, सहकर्मियों और पड़ोसियों को उनके बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया जाएगा, ताकि घटनाओं का क्रम और वारदात की मंशा का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार को दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके में मेहरा (30) ने अपने सरकारी आवास की छत से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी ओमा (28), तीन साल के बेटे यश और दो महीने के शिशु की मौत प्रथम दृष्टया जहर खाने से हुई। तीनों के शव घर में एक बिस्तर पर मिले।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद चारों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘कफ परेड पुलिस अभी अंतिम चिकित्सा और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आत्महत्या करने से पहले मेहरा ने कथित तौर पर परिवार के अन्य सदस्यों को कौन सा पदार्थ या जहर दिया था।’’
यह घटना तब सामने आई जब नौसैनिक के पिता शंभूलाल मेहरा ने नौसेना के नियंत्रण कक्ष को सूचित किया कि उनका बेटा बार-बार फोन कॉल करने के बावजूद जवाब नहीं दे रहा है।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद नौसेना के जवानों की एक टीम मौके पर पहुंची जहां पर पूरनमल फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे बिस्तर पर मृत पाए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूरनमल मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था और चार साल पहले ओमा से उसकी शादी हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और जांचकर्ताओं को आशंका है कि घटना से पहले उनके बीच कहासुनी हुई होगी।
भाषा धीरज वैभव
वैभव

Facebook


