राकांपा (शप) ने राजग को समर्थन देने की अटकलें खारिज कीं
राकांपा (शप) ने राजग को समर्थन देने की अटकलें खारिज कीं
मुंबई, 10 अगस्त (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भविष्य में समर्थन देने की अटकलें सोमवार को खारिज कर दीं।
पार्टी ने कहा कि परिसीमन विधेयक पर उसका रुख संसद में पेश किए जाने वाले अंतिम मसौदे पर निर्भर करेगा।
राकांपा (शप) के प्रवक्ता महेश तापसे ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई और यह राजनीतिक दौरा नहीं था।
उन्होंने कहा कि 20 मिनट की यह बैठक शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय से पुष्टि होने के बाद तय की गई थी और इसका परिसीमन के मुद्दे से कोई संबंध नहीं था।
तापसे ने कहा, “आज संसद में परिसीमन को लेकर कोई प्रस्ताव या चर्चा नहीं है। पहले विधेयक पेश किया जाना चाहिए। विधेयक पेश होने के बाद विपक्षी गठबंधन के साथ इस पर चर्चा की जाएगी। गठबंधन में इस पर विस्तार से चर्चा होगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि राकांपा (शप) विपक्षी गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है और 2014, 2019 या 2024 में उसने भारतीय जनता पार्टी या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ कोई राजनीतिक समझौता नहीं किया था।
उन्होंने सवाल किया कि अब पार्टी ऐसा क्यों करेगी। तापसे ने यह टिप्पणी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के बीच फिर से नजदीकी बढ़ने और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) द्वारा राजग को समर्थन देने की अटकलों के बीच की है।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


